फतेहपुर। रोड निर्माण में मजदूरी करने वाले अनुसूचित जाति के दो मजदूरों को कहासुनी के विवाद में रोलर चालक ने साथियों संग पीट दिया। पुलिस ने पांच के खिलाफ बलवा, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
हथगाम थाने के रसूलपुर निवासी शिवभूषण पासवान और वीरेंद्र रैदास रोड निर्माण में मजदूरी करते हैं। शिवभूषण ने बताया कि वह हथगाम थाने के चकदोस्त मोहम्मदपुर के ओमकार मौर्य ठेकेदार की देखरेख में काम करते हैं। चांदपुर थाना क्षेत्र के चकलाला रोड के निर्माण में काम कर रहे हैं। वह रोड किनारे दोपहर को आराम कर रहे थे। चकदोस्त मोहम्मदपुर गांव का रोलर चालक पिंटू यादव उर्फ सत्येंद्र उनके पास पहुंचा। बिना वजह वीरेंद्र पिंटू को गाली देने लगा। ठेकेदार ओमकार मौर्य बीच-बचाव को पहुंचे। ठेकेदार से भी रोलर चालक ने गाली गलौज की। इसी खुन्नस में पिंटू यादव अपने साथी मुकेश यादव, लवकुश, शैलेंद्र, रामप्रताप के साथ पहुंचा। पांचों ने लाठी-डंडों से जाति सूचक शब्द बोलकर उन दोनों को मारापीटा और गाड़ी में बैठाकर भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक बीएल प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-
घर में घुसकर चार पर मारपीट का मुकदमा
फतेहपुर। जाफरगंज थाने के मितइयापुर निवासी लाल बाबू दरवाजे पर बैठे थे। बताया कि पुरानी रंजिश में गांव के राधेलाल, रामकिशोर, सत्येंद्र, दिनेश दरवाजे पर लाठी-डंडा लेकर पहुंचे। अचानक गाली गलौज कर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ पैर टूट गए। वह जान बचाकर घर के अंदर पहुंचा। वह पीछा करते हुए घर में घुस आए। जान से मारने की धमकी देकर मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने चारों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। (संवाद)