फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में मनीष तिवारी की हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर पुलिस ने सात दिन बाद बरामद कर ली। रिवॉल्वर हत्यारोपियों के फुफेरे भाई शैलेंद्र सिंह उर्फ भीम निवासी दुबेपुर थाना बकेवर के घर से मिली।
पुलिस ने शैलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। अब शस्त्र निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी। पकड़ से दूर इनामी आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापा मार रही हैं।
शनिवार रात असनी गांव निवासी मनीष दुबे की उसके पुत्र वैभव के सामने आलमपुर नरही गांव निवासी शराब दुकान संचालक सगे भाई अमन सिंह और इंद्रेश सिंह उर्फ मनु ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात में अमन और मनु ने अपनी मां संगीता सिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर का इस्तेमाल किया था। दोनों आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है।
जांच में सामने आया कि घटना के बाद आलमपुर नरही के खेरवा निवासी आशुतोष तिवारी रिवॉल्वर ले गया था। बाद में उसने रिवॉल्वर शैलेंद्र सिंह को दे दी। पुलिस ने शैलेंद्र के कमरे की खूंटी पर लटकी रिवॉल्वर बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार मामले में आशुतोष तिवारी और आरोपियों के संरक्षणदाता चेतन सिंह निवासी घोसियाना लालगंज रायबरेली की तलाश जारी है। दोनों पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि रिवॉल्वर बरामद हो गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।