फतेहपुर। साढ़े पांच महीने पहले जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से सेवानिवृत्त अनुचर को अभी तक पेंशन और फंड समेत अन्य भुगतान नहीं हुआ है। डीआईओएस कार्यालय से अनुचर जयकरन सेन की सेवापुस्तिका खोने के कारण भुगतान में बाधा उत्पन्न हो रही है। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ शिक्षा विभाग ने सेवा पुस्तिका की द्वितीय प्रति जारी कर भुगतान न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ शिक्षा विभाग के अध्यक्ष भीमसेन और जिला मंत्री दिनेश चंद्र ने डीआईओएस को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि सेवानिवृत्त कर्मचारी को भुगतान न मिलने से वह आर्थिक तंगी का शिकार हो गया है। वह भुगतान के लिए दफ्तर के चक्कर लगा रहा है, लेकिन कार्यालय में उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कर्मचारी हित में 15 दिन में सेवानिवृत्त कर्मचारी की सेवा पुस्तिका की दूसरी प्रति जारी कर भुगतान की जाए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि अगर कर्मचारी को भुगतान नहीं मिलता है, तो संगठन डीआईओएस कार्यालय में धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।