फतेहपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम देरी से आने से अफरा तफरी रही। बारिश के बीच रिमझिम बारिश के बीच भीगते हुए बच्चे स्कूल पहुंचे। सरवर धीमा होने के कारण परिणाम खुलने में खासा समय लगा। इस दौरान बच्चे परिणाम जानने के लिए खासा उत्सुक दिखे। अभिभावक और नजदीकी परिणाम जानने के फोन पर फोन करते रहे।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे के बाद यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम वेबसाइट पर अपलोड हुआ। अन्य सालों की अपेक्षा करीब तीन घंटे विलंब से वेबसाइट में परिणाम अपलोड होने के कारण छात्र-छात्राओं के साथ स्कूलों में शिक्षक खासा परेशान रहे। सरवर सुस्त होने के कारण एक-एक बच्चे का रिजल्ट जानने के लिए पांच से 10 मिनट का समय लगा। सभी स्कूलों का पूरा परिणाम शाम साढ़े पांच बजे तक खुल पाया।
जय मां सरस्वती ज्ञान मंदिर के प्रधानाचार्य विनय प्रताप सिंह का कहना है कि बोर्ड परीक्षा परिणाम स्कूलों ने तो स्वीकार कर लिया है, लेकिन अगर कोई अभिभावक या परीक्षार्थी को स्वीकार नहीं है, तो वह परीक्षा देकर प्राप्तांकों को चुनौती दे सकता है। इसके लिए बोर्ड ने व्यवस्था दे रखी है। अब वह इस संबंध में परीक्षार्थियों से वार्ता करेंगे। जो भी परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें परीक्षा में शामिल कराया जाएगा।