फतेहपुर। बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने टप्पेबाजों ने किसान की जेब से रुपये साढ़े 23 हजार रुपये पार कर दिए। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर टप्पेबाजों की तलाश शुरू कर दी है।
कानपुर अकबरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी मूलचंद्र पासवान किसान हैं। किसान ने बताया कि उनके दो बहनोई सियाराम और नेता औंग थाना क्षेत्र के बड़ाहार गांव में रहते हैं।
मंगलवार को उनसे मिलने के लिए जा रहा था। दुर्गागंज रानीपुर पुल के पास बाइक सवार दो युवक आकर रुके और लिफ्ट देने के बहाने उसे अपने साथ बैठा लिया।
कुछ दूरी पर जाकर एक दुकान के पास उसे उतार दिया। तभी उसने अपनी जेब देखी तो रुपये गायब थे। उसके पास जेब में 23,500 रुपये थे।
बाइक सवारों की आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।