फतेहपुर। महिला की तहरीर पर चिटफंड कंपनी के मैनेजर के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि पांच साल में रकम दोगुनी करने के नाम पर मैनेजर ने करीब ढाई लाख रुपये हड़प लिए।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी मोहल्ला निवासी संगीता अग्रहरि पत्नी सुनील कुमार ने एफआईआर में बताया कि इनरिच मैच्युल बेनीफिट फंड लिमिटेड कंपनी रामा श्यामा कांप्लेक्स सिविल लाइन के द्वितीय फ्लोर पर संचालित थी। पांच साल में दोगुना रकम के लिए कंपनी में चार एफडी कराई थी, जिनका भुगतान मई 2019 में होना था।
मैच्युरिटी के नाम पर उन्हें 2.40 लाख रुपये का जो चेक दिया गया उसका भुगतान नहीं हो पाया, क्योकि कंपनी का खाता डिफाल्टर हो चुका था। कंपनी के मैनेजर रामबाबू सिंह उर्फ आरबी सिंह हैं। जिले का कार्यालय भी बंद कर दिया गया है। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है।