फतेहपुर। मुस्लिम धर्म की युवती से शादी करने वाला हिंदू युवक ससुरालियों की पूरी तरह से धर्मांतरण कराने की शर्त से ऊब गया। उसने ओम का टैटू हटवा दिया। खतना तक करा लिया। इसके बाद भी पत्नी को उसके पास न भेजने पर युवक ने ससुरालियों पर धर्मांतरण का दबाव बनाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के आबूनगर निवासी कुलदीप कुमार ने सैयदवाड़ा मोहल्ले की अल्फिया से छह अप्रैल 2023 को प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद परिवार से अलग मूसेपुर में रहने लगा। आरोप है कि सास फरीदा व साला सूफियान धर्मांतरण का दबाव बनाने के लिए पत्नी को भड़काने लगे। उनके कहने पर दाएं हाथ में बने ओम के टैटू को मिटवा दिया। एक साल पहले खतना कराकर पूरी तरह धर्मांतरण भी कर लिया।
पत्नी ने दो अप्रैल 2025 को एक पुत्र को ज्वालागंज नर्सिंगहोम में जन्म दिया। घर से पत्नी को सास व साले 22 अप्रैल को भड़का कर अपने यहां ले गए। वह पत्नी और बेटे से मिलने ससुराल गया, जहां सास फरीदा, साले सूफियान, साढ़ू पप्पू, तुर्की, वारिस ने पत्नी को साथ भेजने से मना कर दिया। पूरी तरह से मुस्लिम धर्म न अपनाने पर जान से मारने की धमकी दी। जबकि वह एक साल पहले ही दबाव के चलते धर्मांतरण कर कुलदीप से आरिफ बन चुका है। इससे ऊबकर अब थाने में तहरीर दी। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।