रमजान में बेहतर विद्युत आपूर्ति का दावे फुस्स है। रोस्टिंग अलावा फाल्ट और कटौती ने उपभोक्ताओं का जीना मुश्किल कर दिया है। रोजेदारों को सुबह शाम वजू और गुस्ल करने में भी परेशानी हो रही है।
जिलाधिकारी पुष्पा सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों को छापेमारी कर बिजली चोरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं इसके बावजूद जेई छापेमारी के नाम पर खानापूरी कर रहे हैं जिससे धड़ल्ले से बिजली चोरी हो रही है। गर्मी कटौती कम नहीं हो रही है। आलम यह है कि उपकेंद्रों में कर्मचारी फोन नहीं उठाते जिससे बिजली आने-जाने की जानकारी नहीं मिल पाती है। कृष्ण बिहारी नगर के अधिवक्ता शोएब खान ने बिजली समस्या पर नाराजगी जताई। कहा कि रमजान के महीने में बिजली और पानी की जरूरत पड़ती है लेकिन विभागीय अधिकारी कर्मचारी गंभीर नहीं है। प्रधान संघ अध्यक्ष नदीम उद्दीन पप्पू ने कहा कि सुबह शाम वजू और गुस्ल करने में रोजेदारों को समस्या हो रही है। बिजली विभाग उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने में फेल नजर आ रहा है। जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बेहतर आपूर्ति की मांग करेंगे। जनता दल यूनाइटेड के युवा जिलाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ ने कहा कि जर्जर तार नहीं बदले जा रहे, जिससे आए दिन फाल्ट की समस्या रहती है। डीएम के आदेश के बाद भी जेई छापेमारी नहीं कर रहे हैं। सपा नेता तबरेज वारसी टीलू ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सख्त निर्देश के बाद सुबह शहरी के समय और तरावीह के समय बिजली मिल रही है। हालांकि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से फाल्ट की समस्या से लोगों को दिक्कत होती है।
इनसेट ---
रात्रि में इमरजेंसी रोस्टिंग लखनऊ कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अलावा सुबह शाम आपूर्ति दी जा रही है। फाल्ट भी ठीक कराई जा रही हैं। जेई को छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं जो जेई छापेमारी में हीलाहवाली करेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।- एके माथुर, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम।