फतेहपुर। कोर्ट से भागे रामभरोसे की तलाश में पुलिस भांग और शराब की दुकानों पर नजर बनाए है। बाईपास चौराहे स्थित दुकान के पास सोमवार शाम रामभरोसे को देखे जाने की खबर पुलिस को मिली लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फिर भाग निकला।
विज्ञापन
सदर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर निवासी रामभराेसे रैदास को कोर्ट ने शुक्रवार को पांच साल की कैद की सजा सुनाई थी। सजा का फैसला आने के बाद ही रामभरोसे कोर्ट को चकमा देकर भाग निकला था जबकि परिसर में पुलिस की भारी सुरक्षा व्यवस्था रहती है।
वहीं रामभरोसे एक बार फिर पुलिस कर्मियों को चकमा देकर भाग गया। पुलिस को पता है कि वह नशे का आदी है। इसी वजह से पुलिस ने भांग व शराब दुकानों पर मुखबिर लगाए हैं। मुखबिर ने सोमवार देर शाम एक भांग की दुकान पर रामभरोसे के आने की खबर दी। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही रामभरोसे भाग निकला। पुलिस को उम्मीद है कि रामभरोसे जिले से बाहर नहीं जा सकता है। वह जल्द ही पकड़ा जाएगा। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।