खागा में दीवार गिरने से जान गंवाने वाले शख्स के परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए सड़क पर शव रख प्रदर्शन किया। पुलिस ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कर शव को पोस्टमार्टम को भेजा।
कोतवाली के संवत गांव निवासी मौला (35) मजदूरी करता था। मंगलवार की रात वह पत्नी बिटान देवी व बेटे छोटू के साथ सो रहा था। तभी घर की एक दीवार भरभरा कर गिर गई थी। हादसे में घायल मौला को परिजन हथगाम से कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी व बच्चे का अभी इलाज चल रहा है।
शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने मौला के परिवार को सरकारी मदद दिलाने के लिए शव सड़क किनारे रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर महिचा मंदिर चौकी इंचार्ज विवेक सिंह मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों से बात की। अधिकारियों को बुलाने की मांग पर पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया। परिजन शांत हुए तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।