फतेहपुर। प्रमुख सचिव खेल एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा कल्पना अवस्थी ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में प्रदेश सरकार की तार साल की उपलब्धियों के प्रचार की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से इस पर चर्चा कर निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार के चार साल पूरे हो रहे हैं। ऐसे में जिले में शुक्रवार से 24 मार्च तक तिथिवार कार्यक्रम निर्धारित किए जाएं।
इनमें लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएं। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पटरी के दुकानदारों को ऋण का वितरण, दिव्यांगों को उपकरण वितरण, किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाए।
सीएम विवाह योजना, युवा मंगलदल, महिला मंगलदल गोल्डन कार्ड वितरण का काम किया जाए। जिन विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत भवन और सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है।
जनप्रतिनिधियों को बुलाकर उनका लोकार्पण कराया जाए। छात्रवृत्ति व पेंशन के लाभार्थियों को भी प्रमाण पत्र दिए जाएं।
उन्होंने नोडल अधिकारियों को कोविड-19 के प्रोटोकाल का भी कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। वन विभाग को सहजन के पौधे रोपित कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ सत्य प्रकाश, पीडी डीआरडीए, डीडीओ, डीसी मनरेगा, जिला कृषि अधिकारी, सीवीओ, डीआईओएस, बीएसए, क्रीड़ा अधिकारी, युवा समाज कल्याण अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।