खागा। कोतवाली क्षेत्र के ऐलई गांव में रामपुर के फर्जी बार कोड वाली मिलावटी शराब के 21 पौवा बरामद हुए हैं। इस फर्जी बारकोड वाली खाली शीशी भौली गांव से मिली थी।
जिसे पीने के बाद दो लोगों की मौत हुई थीं। शराब बेचने वाला एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। शीशी में पावर हाउस ब्रांड का स्टीकर भी लगा हुआ था।
इस शराब की सप्लाई भी मतोले ने की थी। एक हफ्ते से मतोले जेल में हैं। उसने पुलिस से बचने के लिए कोर्ट में आत्म सर्मपण किया था।
खागा कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार यादव और आबकारी निरीक्षक लक्ष्मी शंकर बाजपेयी ने गुरुवार सुबह ऐलई गांव में छापामारी की।
यहां बलवीर बहादुर सिंह उर्फ छोटू के घर टीम पहुंची तो वह एक बाउंड्री के पीछे बैठकर शराब बना रहा था। टीम ने उसे पकड़ लिया।
मौके से पुलिस को 21 पौवा देसी शराब (पावर हाउस ब्रांड) मिला। इसके साथ ही 20 लीटर अपमिश्रित शराब, एक किलोग्राम यूरिया, आधा किलोग्राम फिटकरी भी मिली।
आबकारी निरीक्षक ने पौवों पर लगे बारकोड को चेक किया तो वह रामपुर जिले का निकला। नकली बारकोड, पावर हाउस का लेबल लगाकर यह शराब बनाई जा रही थीं।
पुलिस बरामद शराब और उपकरणों समेत युवक को कोतवाली लाई। पूछताछ में बलवीर बहादुर ने पुलिस को बताया कि नकली बार कोड, शीशी, लेबल, शराब बनाने का केमिकल शहर कोतवाली के डाकबंगला निवासी ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मतोले सिंह ने मुहैया कराया था।
पुलिस ने बलवीर व मतोले सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया गया।