फतेहपुर। कोरोना संक्रमण से नगर पालिका असहाय हो गई है। चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रजा के बीमार होने से नगर पालिका में सुनने वाला कोई नहीं है। सप्ताहभर के दौरान आठ स्थानों पर जलापूर्ति की जाने वाली पाइप लाइन फटी है, लेकिन लीकेज पाइप लाइन की मरम्मत के नाम पर नगर पालिका पल्ला झाड़े हुए है। अगर पाइप लाइन फटने का यही क्रम जारी रहा, तो शहर की जलापूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो जाएगी। उधर, जलकल के अवर अभियंता भी बीमारी की वजह से घर पर हैं।
बिंदकी विधायक करण सिंह पटेल के घर के पीछे एक सप्ताह से पाइप लाइन फटी है। आबूनगर पुलिस चौकी के आगे कानपुर रोड पर बिजली के पोल के समीप पाइप लाइन फटी हुई है। चौक बाजार के समीप पीलूतले चौराहे के पास पाइप लाइन चार दिन से फटी पड़ी है। वर्मा चौराहे में पुलिया निर्माण के लिए खोदी गई सड़क के पास पाइप लाइन टूट गई है। अरबपुर मोहल्ले में पाइप लाइन फटी है। राधानगर नई बस्ती और अंदौली पुलिया के समीप पाइप लाइन फटी होने से रोजाना लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।
अवर अभियंता जलकर विजय कुमार एक सप्ताह से बीमार हैं। इसी तरह चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रजा 16 अप्रैल से कोरोना संक्रमित होने के कारण होम आइसोलेट हैं। चेयरमैन प्रतिनिधि और अवर अभियंता के बीमार होने के कारण पाइप लाइन से संबंधित शिकायत का निस्तारण कराने वाला कोई नहीं है। अवर अभियंता जलकल ने फोन पर बताया कि विभाग की टीम में शामिल अधिकांश सदस्य बीमार हैं।
ईओ नगर पालिका मीरा सिंह का कहना है कि परिषद में जलकल का एक मात्र जेई बीमार होने से समस्या है। जेई के आने के बाद ही समस्या का निराकरण हो पाएगा।