हसवा। हाईवे पर लूट कर रहे दो शातिर लुटेरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका एक साथी वहां से बचकर भाग निकला। पुलिस ने लुटेरों के पास से तमंचा, रुपए व बाइक बरामद की है।
उन्हें शनिवार को कोर्ट ले जाया गया। जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। थरियांव थाने में तैनात एसआई अभिषेक यादव, सिपाही मयंक यादव, अमिताभ सिंह शुक्रवार रात गश्त करते हुए सनगांव मोड़ के पास पहुंचे तो वहां पर अपाचे बाइक पर तीन युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस उनकी तरफ बढ़ी तो वह तीनों बाइक से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने तमंचे से पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस ने घेराबंदी कर किसी तरह से दो युवकों को पकड़ा जबकि उनका एक साथी वहां से भाग निकला।
आरोपियों की पहचान फुरकान निवासी आंबापुर थाना थरियांव व तौसीफ निवासी पारा हसनपुर जिला कौशाम्बी के रूप में हुई। उन्होंने अपने साथी का नाम शोएब निवासी पारा हसनपुर कौशाम्बी बताया। पुलिस ने बाइक के साथ ही उनके पास से दो तमंचे, कारतूस व 1250 रुपए बरामद किए। उन्होंने पुलिस को बताया कि पांच मई को दो बाइक सवारों को रोककर उन्होंने करीब छह हजार रुपए की लूट की थी और उनके विरोध करने पर उनको पीटा भी था। इसी क्रम में छह मई को आम्बापुर के पास बाइक सवार से 450 रुपए की लूट की थी। शुक्रवार की रात वह सनगांव मोड़ पर लूट के इरादे से खड़े थे, तभी पुलिस वहां आ गई तो वह भागने लगे। इंस्पेक्टर थरियांव नंदलाल सिंह ने बताया कि फरार अभियुक्त को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।