फतेहपुर। दिल्ली-हावड़ा रूट के शनिवार की शाम फतेहपुर के पास वंदेभारत एक्सप्रेेस पर अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी कर दी। इसमें स्कॉर्ट के एएसआई व एक यात्री घायल हो गए। कंट्रोल रूम की सूचना पर आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज की। रविवार को पत्थरबाजों को पकड़ने के लिए आरपीएफ प्रभारी प्रवीण सिंह ने टीम के फैजुल्लापुर स्टेशन में अभियान चलाया। ट्रैक के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और पत्थर न मारने की चेतावनी दी।
दिल्ली-हावड़ा रूट के अप ट्रैक पर फतेहपुर और फैजुल्लापुर स्टेशन के बीच अराजक तत्वों ने वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव कर दिया। इससे ट्रेन के कोच नंबर सी-13 का शीशा टूट गया था। उसमें एएसआई कमल सिंह व वहीं बैठे हरियाणा के पंचकुला निवासी यात्री सीवान सिंह घायल हो गए थे। हालांकि, ट्रेन को वहां पर नहीं रोका गया था। एएसआई ने कंट्रोल रूम में पत्थर मारने की सूचना दी। इस पर आरपीएफ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इसी को लेकर रविवार को आरपीएफ प्रभारी प्रवीण सिंह, उप निरीक्षक संजय कुमार तिवारी टीम के साथ फैजुल्लापुर घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रैक के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और पत्थर न मारने की चेतावनी दी। प्रवीण सिंह ने बताया कि स्कॉर्ट टीम के एएसआई कमल सिंह की सूचना पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पत्थर मारने वालों की तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।