चौडगरा कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव कोरसम में दो दिन पूर्व अपने मायके आयी गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव कोरसम में स्व. मैधू सोनकर की बेटी सोमवती की शादी तीन वर्ष पूर्व जनपद कानपुर देहात के गांव उदयीपुर में रामजीवन सोनकर के साथ हुई थी।
दो दिन पूर्व पति रामजीवन बीमारी हालत में पत्नी सोमवती को कोरसम मायके छोड़ कर चला गया था। सोमवती ने अपने भाई राजू से पति द्वारा मारपीट की बात भी बताई थी। भाई राजू के अनुसार सोमवती के आठ महीने का गर्भ था।
सोमवार को अचानक तबियत बिगड़ गयी तो परिजन घरेलू इलाज करते रहे। लेकिन घरेलू इलाज में लाभ न मिलने पर बीती रात को फतेहपुर लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने गर्भ के खराब हो जाने पर मौत का कारण बताया। परिजन शव को आज अपने घर कोरसम लाकर पुलिस को घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी देवीदयाल वर्मा ने नायब तहसीलदार बिंदकी सिद्धान्त कुमार की मौजूदगी में शव का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेजा है। चौकी प्रभारी देवीदयाल वर्मा ने बताया कि महिला 15 दिनों से बीमार थी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला का एक वर्ष की बेटी भी है।