फतेहपुर। ‘किसानों के सम्मान में, कांग्रेस पार्टी मैदान में’ अभियान की तैयारियों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अजय कपूर ने शनिवार को पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश का किसान सबसे ज्यादा परेशान है। अभियान के तहत विधायक, सांसद से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया जाएगा। इसके बाद तहसील स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में अजय कपूर ने कहा कि भाजपा को लोगों की भावनाओं से कोई लेना देना नहीं है। यह लोग देश की एकता, अखंडता को आघात पहुंचा रहे हैं। किसानों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर किसान जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने बताया कि नौ फरवरी को ब्लाक में बैठक कराई जाएगी। 10 को किसान मांग पत्र भरवाने का काम शुरू होगा। 17 से 24 तक
प्रत्येक ब्लाक में रोज नुक्कड़ सभा होगी। 25 मार्च को विधायकों को ज्ञापन दिया जाएगा। 28 मार्च को सांसद को ज्ञापन और फिर तीन मार्च को तहसील का घेराव होगा। छह मार्च को डीएम का घेराव होगा। 17 मार्च को लखनऊ में किसान मार्च का आयोजन होगा। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रेमदत्त तिवारी, कोआर्डिनेटर दिलीप बाजपेई, शमीम आलम, सुधाकर अवस्थी, शहर अध्यक्ष मोहसिन खान, कल्याण सिंह, श्रवण सिंह गौड़, मनोज घायल, अमित मिश्रा नीटू, राजन तिवारी, संतोष कुमारी शुक्ला, कैलाश अवस्थी, बबलू कालिया, बाबर खान मौजूद रहे।
कांग्रेस के दूसरे गुट ने पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अजय कपूर का शहर के नउवाबाग बाईपास में स्वागत किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व पदाधिकारियों ने फूल माला पहनाया। राष्ट्रीय सचिव से संगठन मजबूती पर चर्चा की। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अमरनाथ सिंह अनिल, पूर्व अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी, राजकुमार मौर्य आदि लोग मौजूद रहे। हलांकि स्वावगत करने वाले गुट के ज्यादातर सदस्य पार्टी कार्यालय के मुख्य कार्यक्रम से नदारद रहे। राष्ट्रीय सचिव के आगमन पर भी पार्टी नेताओं के दो गुट में बंटे होने की चर्चा होती रही।