फतेहपुर। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शनिवार को जिले में यातायात जागरूकता माह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत तांबेश्वर चौराहे से निकली छात्र रैली से हुई। रैली के जरिये शहरवासियों को ट्रैफिक नियमों के पालन का संदेश दिया।
एडीएम अविनाश त्रिपाठी और एएसपी महेंद्र पाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली से पहले अफसरों ने मौजूद लोगों को यातायात नियमों की शपथ दिलाई।
छात्र-छात्राओं ने डाक बंगला और कर्पूरी चौराहे से होते हुए जिला अस्पताल तक मार्च किया। हाथों में स्लोगन की तख्तियां थामे नारे लगाते हुए उन्होंने सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
इस वर्ष यातायात माह में स्कूल-कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, निबंध प्रतियोगिता और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पावर एंजिल्स अभियान के जरिये परिवारों और पड़ोसियों को जोड़ा जाएगा। वाहन चालकों, हाईवे किनारे रहने वालों और पुलिसकर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अभियान के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के कारणों पर प्रवर्तन कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट चिह्नांकन, अवैध कट बंद करना, संकेतक बोर्ड लगाना और सड़कों के गड्ढे भरवाने जैसे कार्य किए जाएंगे। आपातकालीन देखभाल में फर्स्ट एड प्रशिक्षण, वीर योजना और गुड सेमेरिटन प्रचार पर जोर रहेगा।
अंतिम चरण में पर्यावरण संरक्षण के तहत मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हार्न और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी, वहीं यातायात पुलिसकर्मियों को व्यवहार व दक्षता सुधार का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इस मौके पर सीओ यातायात बृजमोहन राय, सीओ सिटी गौरव शर्मा, समाजसेवी अशोक तपस्वी, प्रदीप गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो-06-छात्रों की निकाली गई यातायात जागरुकता रैली। संवाद- फोटो : doda news