फतेहपुर। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवकों से ठगी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य लौट आए हैं। पुलिस इससे अंजान बनी है। 50-60 युवाओं से लाखों रुपये आरोपियों ने ठगे थे। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद चुप्पी साधे बैठी है।
शांति नगर इलाके में एक ट्रैवल्स कंपनी जनवरी माह में खुली थी। विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवकों से रुपये लेते थे। सभी को अप्रैल माह का वीजा और एयर टिकट भी दिया था। बाद में सभी के वीजा, टिकट कैंसिल हो गए थे। एजेंसी में ताला लगाकर संचालक तीन अप्रैल को भाग निकले थे।
न्यू कालोनी ज्वालागंज निवासी सरफराज की तहरीर पर 24 अप्रैल को सदरे आलम निवासी सोनबरसा खास डुंगरी मेंहदीपुर गोरखपुर, इश्तियाक, रफीक, हुसैन सिद्दकी उर्फ राजा, सगे भाई खतीब, हसीब निवासी काजीपुर उर्फ परमीकुतुबपुर थाना थरियांव व एक अज्ञात के खिलाफ कोतवाली सदर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
ठगी के शिकार मोहम्मद अजहर, गुफरान, जावेद ने बताया कि इश्तियाक, खतीब, हसीब ईद पर गांव लौटकर आए हैं। उनके कुछ साथियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। वह लोग कई दिनों गांव में ही रहते हैं। विवेचक शशिकांत सरोज ने बताया कि आरोपियों के गांव आने की जानकारी नहीं है। धरपकड़ की जाएगी।