फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात अराजकतत्वों ने रंगदारी न देने पर एक युवक को लाठी डंडों से मारापीटा। बीच-बचाव में मोहल्ले के दो लोगों पर तलवार और लाठी डंडे से हमला किया। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। छह लोगों के खिलाफ बलवा, रंगदारी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला दो वर्गों के बीच का होने के कारण तनाव का माहौल है।
कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर निवासी शुभम कश्यप ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह पठान मोहल्ले के रास्ते कचेहरी आता-जाता है। मोहल्ले के कुछ अराजकतत्व उससे वहां से निकलने पर रुपयों की मांग करते थे। वह बुधवार की रात बाइक से घर जा रहा था।
तभी पठान मोहल्ले के दानिश, बब्लू उर्फ लफ्फद्दर, इरफान, अरसान, नाजिम, तनवीर ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दानिश ने असलहा उसके लगा दिया और रुपयों की मांग करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से मारापीटा।
शोर सुनकर आबूनगर मोहल्ले के वैभव मिश्रा, रविकांत दीक्षित बीच बचाव को पहुंचे। उन्हें देखकर हमलावर तलवार, चाकू और लाठी डंडे हाथ में लेकर पहुंचे। उन दोनों पर भी हमला किया। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहा है।