बहुआ। बांदा-कानपुर हाईवे पर शनिवार रात नौ बजे महाखेड़ा गांव के पास ट्रक खराब हो गया, जिससे जाम लग गया। रविवार सुबह 10 बजे के बाद जाम खुल सका। तब जाकर वाहन सवारों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के चलते सड़क पर गड्ढे होने से ही आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है।
महाखेड़ा गांव के पास शनिवार रात नौ बजे गड्ढे व ध्वस्त पुलिया में मौरंग लदा ट्रक फंस गया। वहीं बगल से निकल रहा दूसरा ट्रक भी गहरे गड्ढे में फंस गया, जिसकी वजह से दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जाम में कई रोडवेज की बसें भी फंसी रहीं। रात भर राहगीर वाहनों में बिलबिलाते रहे। महाखेड़ा गांव से बंधवा तक व दूसरी ओर शिवरी तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत कर जाम हटवाया। सुबह 10 बजे फंसे ट्रक को हटाने के बाद जाम से निजात मिल सकी। फिर, धीरे-धीरे वाहनों का रेंगना शुरू हुआ। वाहन चालक रामकरन, सूरज, राघवेंद्र सिंह, रामकुमार, इरफान, मोहम्मद आसिफ, राजेंद्र कुमार ने बताया कि बांदा-कानपुर स्टेट हाईवे पर जाम की स्थिति हमेशा बनी रहती है।