पुलिस हिरासत में हत्यारोपी राहुल गुप्ता। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। आबूनगर पुलिस चौकी के ठीक पीछे शुक्रवार को हुई युवती की हत्या उसके प्रेमी ने की थी। युवती प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी। आरोपी युवती के घर के सामने ही चाय की दुकान लगाता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में प्रेमी ने बताया कि उसने घर पर रखी चाकू से ही युवती का गला रेत दिया था।
शहर के आबूनगर निवासी 19 वर्षीय युवती शुक्रवार की दोपहर घर में अकेली थी। शाम करीब चार बजे उसकी मां व भाई प्रयागराज से घर आए तो घर के अंदर जमीन पर युवती का शव पड़ा था और गले पर धारदार हथियार के निशान थे। परिजनों ने पड़ोसी पिता-पुत्र पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार रात में ही पुलिस ने घर के पास ही राहुल गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।
जांच में वह टूट गया और उसने बताया कि उसका और युवती का साल भर से प्रेम संबंध चल रहा था। मौजूदा समय युवती गर्भवती हो गई थी और शुक्रवार की दोपहर वह गर्भपात की दवा लेकर पहुंचा था। दवा खाने से मना करने पर उसने घर में रखे चाकू से युवती के गले पर प्रहार कर दिया। वह जमीन पर गिरी तो उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू व गर्भपात की दवा भी बरामद की है।
युवती की मां व भाई 27 जून को रिश्तेदारी में चले गए थे। पिता भी सुबह काम पर चले जाते थे। ऐसे में युवती अकेली रहती थी। 28 जून की दोपहर राहुल, युवती के घर आया था और निकलते वक्त उसे कुछ लोगाें ने देख लिया था। पड़ोसियों से इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने राहुल को उठा लिया था।
राहुल ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद वह चाकू लेकर सीधे अपने घर पहुंचा और सो गया था। शाम को जब हत्या का हल्ला हुआ तो उसने अपने मोबाइल से युवती की सारी कॉल डिटेल, बातचीत व फोटो आदि सब खत्म कर दिए। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसके मोबाइल का डाटा रिकवर किया।
फतेहपुर। युवती हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत से पहले प्रेमी से उसका काफी संर्घ, हुआ। प्रेमी ने पहले युवती का गला दबाया बाद में चाकू से रेत दिया। गर्भवती होने के लक्ष्ण नहीं मिले, हालांकि युवती की स्लाइड जरूर बनाई गई है। शरीर पर चोटों के 10 निशान भी मिले हैं।