फतेहपुर। मतदान खत्म हो चुका है। अब ईवीएम खुलने का इंतजार है। वोटरों को मनाने, रिझाने, समर्थकों को खिलाने-पिलाने और घर-घर दौड़ने में प्रत्याशियों ने खूब खर्चा किया। अब जब उसका सही-सही ब्योरा देने की बारी आई तो कई कन्नी काट रहे हैं। इस्टीमेट न बढ़ जाए, ऐसा पर्चा व रजिस्टर बनवाने में पसीने छूट रहे हैं। इधर, प्रेक्षक ने सही ब्योरा न देने पर कुल 31 प्रत्याशियों को नोटिस जारी की है। इनमें भाजपा के तीन, सपा व बसपा के दो, कांग्रेस व अपना दल के एक-एक प्रत्याशी शामिल हैं। बता दें कि चुनाव में खर्च का मिलान करने के लिए एक रजिस्टर प्रशासन बनाता है तो दूसरा प्रत्याशी। दोनों का खर्च मिलान होने पर ही रजिस्टर को ओके माना जाता है। खागा सुरक्षित सीट से कुल छह प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें भाजपा की सिटिंग विधायक कृष्णा पासवान, कांग्रेस के ओम प्रकाश गिहार, बसपा के सुनील गौतम, रालोद के राजेश राव की ओर से दिया गया चुनाव खर्च का ब्योरा आयोग के रजिस्टर से मिलान नहीं कर पाया। इनमें कई खर्चों में अंतर पाया गया।
अयाहशाह विधानसभा से चुनाव लड़े कुल 15 प्रत्याशियों में सपा प्रत्याशी एवं सिटिंग विधायक अयोध्या प्रसाद पाल, भाजपा के विकास गुप्ता, रालोद के भोले पाल, वीएन राय व बसपा के रामबहादुर के चुनाव खर्चे भी आयोग के रजिस्टर से अलग मिले। बिंदकी विधानसभा सीट से चुनाव लड़े कुल 11 प्रत्याशियों में भाजपा प्रत्याशी करण सिंह पटेल, कांग्रेस के अभिमन्यू सिंह, भालोद के अमरजीत सिंह जनसेवक, रालोद की शाहीन हसन, रामबाबू, सुभाष चंद्र त्रिपाठी, सेवालाल व रीता देवी के चुनाव खर्च के ब्योरे का मिलान नहीं हुआ। जहानाबाद सीट से चुनाव लड़े कुल 15 प्रत्याशियों में भाजपा गठबंधन के अपना दल प्रत्याशी जयकुमार जैकी, सपा प्रत्याशी एवं सिटिंग विधायक मदनगोपाल वर्मा, प्रेमनरायन द्विेदी, रालोद के आदित्य पांडेय, अनूप कुमार, कृष्णदत्त मिश्रा, विवेक सोनकर, श्रीनरायण, हरिप्रसाद निषाद, मनोज कुमार, गिरीश चंद्र, जगदीश्वर के चुनाव खर्च भी मिलान में सही न होने की वजह से प्रेक्षक ने नोटिस जारी की है। सदर से 14 और हुसैनगंज विधानसभा सीटों के सभी 11 प्रत्याशियों ने चुनाव खर्च रजिस्टर का मिलान करा दिया है। ट्रेजरी आफीसर साहित्य कुमार ने बताया कि खर्च के ब्योरे का मिलान न होने पर 31 प्रत्याशियों को नोटिस जारी की गई है। इन्हें जल्द ही खर्च संबंधी रिकार्ड दुरुस्त कर मिलान कराने के निर्देश दिए गए हैं।