फतेहपुर। शांति नगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम खिलाड़ियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। यह पर आउटडोर और इनडोर दोनों खेल हो रहे हैं। आउटडोर में क्रिकेट, हाकी, एथलीट समेत कई खेल के गुर खिलाड़ियों को सिखाए जा रहे हैं। इसमें हाकी में युवाओं का खास क्रेज बना हुआ है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में 15 से 20 युवा खिलाड़ी सुबह से शाम दोनों पालियों में पहुंच रहे हैं। क्रीडाधिकारी व हाॅकी कोच सुनील भारती ने बताया कि शहर के युवाओं में हाॅकी खेल को लेकर गंभीरता है। वे हर बारीकियों को समझकर अभ्यास कर रहे हैं। उनकी मेहनत और लगन प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में मददगार साबित होगी।
शांतिनगर निवासी खुशी कश्यप ने बताया कि वह हाकी का अभ्यास छह महीने से कर रही हैं। पहले कुछ दिन दिक्कत हुई। उसके बाद खेल में रूचि बढ़ गई। हाकी खेल के माध्यम से ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने का सपना संजोए हैं। वह हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को अपना आदर्श मानती है।
कुलदीप कुमार ने बताया कि बचपन से हाकी खेल के प्रति रुझान रहा। उसी को लेकर स्टेडियम में प्रतिदिन अभ्यास कर रहे हैं। जिला स्तर पर हाकी प्रतियोगिता का आयोजन होना है। उसी को लेकर तैयारी कर रहे हैं।