औंग। देवमई ब्लाॅक के डुंडरा में मूर्ति मिलने के बाद मंगलवार को खोदाई कराई गई। इसमें प्राचीन मंदिर के अवशेष मिलने का दावा किया जा रहा है। मूर्ति मिलने के बाद से गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
देवमई ब्लॉक के डुंडरा गांव में मूर्ति मिलने के बाद खोदाई के दौरान जेसीबी की बकेट का पंजा टूट गया। झाड़ियों को हटाने के बाद चूना राखी की मोटी मंदिर की दीवारें मिलीं। बुजुर्ग ग्रामीणों के मुताबिक यहां विष्णु भगवान का मंदिर था, जिसे औरंगजेब ने नष्ट करवा दिया था। मूर्ति में बारीक नक्काशी से चित्रों को उकेरा गया है। खूबसूरती और सफाई देखकर दसवीं सदी की मूर्ति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहीं, मूर्ति के दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्र के ग्रामीण पहुंच रहे हैं। पूजा अर्चना कर चढ़ावा चढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि उसी स्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। व्यवस्था को लेकर औंग थाना पुलिस निगरानी कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात कर दी गई है।