बहुआ। शाह-कोराई क्षतिग्रस्त बाईपास को लेकर आक्रोशित गुलाबी गैंग की महिलाओं ने रोड नहीं तो टोल नहीं की नारेबाजी करते हुए जिंदपुर टोल प्लाजा में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की आक्रोशित महिलाओं ने अध्यक्ष हेमलता पटेल की अगुवाई में जिंदपुर टोल प्लाजा में प्रदर्शन करते हुए सड़क में बैठ गईं। करीब एक घंटे तक टोल प्लाजा से वाहनों को बिना टोल शुल्क के ही निकाला गया। इस मामले को लेकर अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी।
गैंग की अध्यक्षा हेमलता पटेल ने आरोप लगाते हुए बताया कि शाह कोराई बाईपास कई सालों से बंद है। उसके बाद भी एनएचएआई सड़क और पुल को सही कराए बिना जिंदपुर टोल प्लाजा में टोल शुल्क की वसूली कर रहा है। यह नियम के विपरीत है। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे बहुआ चौकी प्रभारी सुमित तिवारी को महिलाओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर बाईपास और पुल को बनवाए जाने की मांग किया। इस मौके पर सरला सिंह, रानी देवी, विमला देवी, राजरानी, दिवाकर, उर्मिला, सविता, प्रीती, ज्ञानवती सहित 50 से अधिक महिलाएं मौजूद रहीं।