फोटो-03- साफ सफाई के अभाव में पार्क में उगी घास। संवाद
खखरेरू। नगर पंचायत के आंबेडकर नगर वार्ड में लाखों रुपये से बना पार्क रखरखाव के अभाव में बदहाल हो गया है। पार्क में झाड़ियां और जंगली घास उग आई हैं। परिसर में लगा वाटर कूलर भी लंबे समय से खराब है। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
कस्बा निवासी ननका, पुनीत, राजेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, पंकज मिश्रा, सुरेंद्र, जितेंद्र और विजय ने बताया कि पार्क के निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए गए लेकिन नियमित साफ-सफाई और रखरखाव नहीं हो रहा है। पार्क में बैठने के लिए पर्याप्त बेंच नहीं हैं और बच्चों के लिए झूले व अन्य खेल उपकरण भी नहीं लगाए गए हैं। झाड़ियां फैलने से पार्क अब जंगल जैसा दिखाई देने लगा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दीवारों पर स्वच्छता के स्लोगन तो लिखे हैं लेकिन परिसर में न कूड़ेदान है और न ही नियमित सफाई होती है। नगरवासियों ने पार्क की साफ-सफाई, सुंदरीकरण, बच्चों के लिए खेल उपकरण और खराब वाटर कूलर की मरम्मत कराने की मांग की है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी डॉ. हगेंद्र प्रताप ने बताया कि नगर में सफाई अभियान चल रहा है। जल्द ही पार्क की साफ-सफाई कराई जाएगी और खराब वाटर कूलर भी ठीक कराया जाएगा।
फोटो-03- साफ सफाई के अभाव में पार्क में उगी घास। संवाद