खागा (फतेहपुर)। दुष्कर्म के आरोपी पीएसी जवान पर पीड़िता ने प्राथमिकी वापस लेकर समझौता करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह खागा कस्बे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। दो वर्ष पहले प्रयागराज में माघ मेले के दौरान उसकी मुलाकात पीएसी जवान से हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी से इन्कार कर दिया।
पीड़िता ने आपबीती राज्यमंत्री कृष्णा पासवान को बताई। उनके हस्तक्षेप के बाद एडिशनल एसपी के आदेश पर 30 अप्रैल को कोतवाली खागा में मैनपुरी निवासी सिपाही अभिषेक यादव के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपी वर्तमान में रायबरेली स्थित पीएसी की 25वीं वाहिनी में तैनात बताया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने बताया कि उसके बयान दर्ज हो चुके हैं लेकिन आरोपी की गतिविधियों से वह और परिवार भयभीत है। इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने बताया कि विवेचना जारी है। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी।