फतेहपुर। शहर का एक बिल्डिंग मैटेरियल दुकानदार के 48 घंटे से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक के अपहरण की आशंका जताई है। युवक के गायब होने से परिजनों का हाल बेहाल है। गायब युवक परिवार का इकलौता है। पुलिस के मुताबिक घरेलू विवाद में युवक के गायब होने की बात सामने आ रही है।
शहर के हरिहरगंज निवासी स्वर्गीय छोटेलाल का बेटा रोशन शुक्ला की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। परिजनों ने बताया कि 15 अगस्त की शाम रोशन कहीं काम के सिलसिले में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। अपना मोबाइल घर में ही छोड़ गए थे। देर रात तक रोशन के घर न लौटने पर परिजनों को चिंता सताने लगी। परिजनों ने
रिश्तेदारों, दोस्तों के साथ आसपास के क्षेत्र में तलाश की। कहीं पता न चलने पर परिजनों ने दूसरे दिन गुमशुदगी दर्ज कराई। कारोबारी की मां सुमन शुक्ला रिटायर्ड दरोगा हैं। मां ने बताया कि घर से 15 अगस्त की शाम मोबाइल छोड़कर अचानक निकले थे, तभी से नहीं लौटे। काफी खोजबीन की गई कोई पता नहीं लगा। मां और पत्नी घटना से हाल बेहाल है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है।
पुलिस कि जांच में रोशन शुक्ला का कानपुर में होने का पता लगा है। पुलिस टीम कानपुर की तरफ जांच में जुटी है। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही गायब कारोबारी का पता लगाया जाएगा। पुलिस के मुताबिक फिलहाल प्राथमिक जांच-पड़ताल में घरेलू विवाद में दुकानदार के गायब होने की बात सामने आ रही है।