फतेहपुर। सदर अस्पताल में भर्ती महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि से हड़कंप मच गया। यह रिपोर्ट कानपुर की एक पैथोलॉजी की है। महिला को जिला कोरोना सेल ने प्रयागराज मेडिकल कॉलेज भेजा है। महिला के संक्रमित होने की जानकारी पर डॉक्टर और कर्मचारियों ने कुछ देर के लिए काम बंद कर दिया। महिला वार्ड में भर्ती मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। वार्ड को सैनिटाइज कराया गया है।
कोरोना संक्रमित महिला बहुआ के सुजानपुर गांव की रहने वाली है। हालत बिगड़ने पर कुछ दिन पहले कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं की एक पैथोलॉजी ने महिला की कोविड-19 की जांच भी की थी। महिला ठीक होने पर गांव लौट गई थी। सोमवार को तकलीफ होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोरोना सेल प्रभारी डॉ. केके श्रीवास्तव ने बताया कि महिला के कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट मंगलवार दोपहर मिली है। सीबी नॉट से जांच हुई है। रिपोर्ट के बाद महिला को प्रयागराज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
वहीं महिला के संक्रमित होने की जानकारी के बाद सदर अस्पताल के साथ जिला महिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। तीमारदारों और मरीजों के साथ अस्पताल का स्टाफ सहम गया। सीएमओ डॉ. उमाकांत पांडेय ने बताया कि जिस वार्ड में महिला भर्ती थी, उसे शासन की गाइड लाइन के मुताबिक सैनिटाइज कराने के साथ ही मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया है। मरीजों के साथ तीमारदारों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई है।