बहुआ। ललौली व असोथर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को आंधी-बारिश में घरगिरी की तीन घटनाएं हुईं। हादसों में बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई। चार घायल हैं। ओले गिरने से फसलों को भी खासा नुकसान हुआ। उरद, मूंग, केला, आम, तरबूज व खरबूजे की फसल को ज्यादा नुकसान हुआ। कृषि व राजस्व विभाग नुकसान का आकलन करा रहे हैं।
ललौली थाना क्षेत्र के पवारनपुर गांव निवासी जयनारायन विश्वकर्मा (55) बहुआ कस्बे के शास्त्री नगर एक घर में चारपाई की बुनाई कर रहा था। तभी आंधी-बारिश शुरू होने पर मान सिंह के घर में घुस गया। घर गिरने में मलबे में दबकर घायल हो गया। प्राथमिक इलाज के बाद घर चला गया था। देर रात घर में मौत हो गई। पत्नी ननकी देवी का रो रो कर हाल बेहाल हो गया। एक पुत्र सोनू व तीन पुत्रियां सपना, शालू, निशा पिता की मौत से बदहवास हैं। मान सिंह यादव का कच्चा मकान गिरने से गृहस्थी नष्ट हो गई। पड़ोसी पुत्तन द्विवेदी की के घर की दीवार मान सिंह
यादव के कच्चे मकान पर गिर गई। मलबे में पांच लोग दब गए। अफरा-तफरी मच गई। आनन फानन मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर सभी को मलबे के ढेर से बाहर निकाला। मान सिंह यादव (45), रानीदेवी (40) पत्नी मान सिंह व पड़ोसी अकील, मंसूरी, कपिल (6) पुत्र सरवन कुशवाहा दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जयनारायन की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। कपिल पुत्र सरवन कुशवाहा निवासी बहुआ के सिर में गंभीर चोट लगने से कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, असोथर थाना क्षेत्र के कुसुंभी गांव में आंधी-बारिश में दीवार और छप्पर गिर गया। दशरथ पाल( 60) व उनके बड़े भाई शिवचरण (65), छोटा बेटा धर्मेंद्र छप्पर के नीचे तीनों लोग बैठे थे। सभी छप्पर के नीचे दब गए। दशरथ की दबकर मौत हो गई। शिवचरण, धर्मेंद्र घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। एसओ हेमराज ने बताया कि पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसके दो लड़के दो लड़कियां हैं। दोनों लड़कियों की शादी हो चुकी है। बड़े बेटे राजेश कुमार पाल सात साल पहले शादी हो चुकी है। उसके पास चार बीघा खेती थी। उसी से परिवार का पालन पोषण होता था।
बिजली गिरने से चार घरों के विद्युत उपकरण फुंके
बिंदकी। बिजली गिरने से शनिवार की रात चार घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए। लोगों के घरों के इनवर्टर, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित कई उपकरण जले। कोतवाली क्षेत्र के घनवा खेड़ा गांव में बारिश के बीच बिजली गिरने से राजू उत्तम के घर मे फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, इनवर्टर, आरओ, टीवी सहित लगभग सभी विद्युत उपकरण जल गए। इसी प्रकार गांव के सुभाष का इनवर्टर जल गया। बाबू पाल के भी कई विद्युत उपकरण घर के अंदर जल गए। गंगाराम के सौर ऊर्जा पैनल सहित कई विद्युत उपकरण बेकार हो गए। राजू उत्तम के घर की दीवार में दरार पड़ गई।