धाता(फतेहपुर)। सूरत से आकर एक गांव में क्वारंटीन रहे एक युवक की घर पहुंचने के एक दिन बाद ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार ने आननफानन में अंतिम संस्कार भी कर दिया। क्षेत्र में युवक की मौत चर्चा का विषय बनी हुई है।
बता दें कि गांव निवासी गुलाब का बेटा छेद्दू(30) करीब सोलह दिन पहले सूरत से गांव आया था। पत्नी व एक बच्चा भी साथ था। यह घर जाना चाहता था लेकिन ग्रामीणों के विरोध पर प्रधान ने करीबी स्कूल में तीनों को क्वारंटीन कर दिया था। चौदह दिन क्वारंटीन पूरा कर शुक्रवार को तीनों घर पहुंचे। वहां घर में अचानक रात में छेद्दू को उल्टियां होने लगी। एंबुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस लेकर कुशंभा तक गई लेकिन मौत हो गई। रास्ते से ही परिजन शव लेकर आ गए। शनिवार को आननफानन में अंतिम संस्कार कर दिया गया।