फतेहपुर। लुधियाना से मिर्जापुर जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन को प्रवासियों ने चेन पुलिंग कर रोक लिया। इनमें से स्थानीय प्रवासियों के साथ चित्रकूट, बांदा, रायबरेली के भी लोग शामिल थे। चेन पुलिंग की जानकारी पर आरपीएफ और जीआरपी ने सभी को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराकर बसों से भेज दिया गया।
ट्रेन संख्या 09642 का फतेहपुर रेलवे स्टेशन में स्टॉपेज नहीं था। लुधियाना से मिर्जापुर जा रही नॉन स्टॉप श्रमिक स्पेशल ट्रेन दोपहर 13:24 बजे स्टेशन पर रुकी। ट्रेन का यहां स्टॉपेज न होने से स्टेशन पर हड़कंप जैसी स्थिति रही। कूपे से उतर रहे प्रवासियों को कवर करने के लिए जीआरपी और आरपीएफ के जवान रेलवे ट्रैक की तरफ भागे। नौ मिनट तक खड़ी रही इस ट्रेन से उतरे सभी 231 वयस्क और 23 बच्चों को कवर कर लिया गया। इसके बाद डाक्टरों की टीम बुलाकर थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। इसे ट्रेन से उतरे बिंदकी, भिठौरा, ऐरायां, हथगाम, खागा, विजयीपुर, असोथर, धाता के साथ ही चित्रकूट, बांदा, रायबरेली, फैजाबाद, अतर्रा के प्रवासी मजदूरों को रोडवेज की आठ बसों से गंतव्य की ओर भेजा गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि चेन पुलिंग की गई थी। जिस वजह से लुधियाना से मिर्जापुर जा रही स्पेशल ट्रेन को आगे बढ़ने में थोड़ा विलंब हो गया।