हथगाम (फतेहपुर)। मनरेगा में मजदूरी कर रहे पिता को खाना देकर लौट रहे साइकिल सवार छात्र को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में छात्र की मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने चालक को पीटकर हथगाम पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना क्षेत्र के क्षेत्र के सराय नगरा गांव निवासी लालचंद लोधी सुबह मनरेगा में मजदूरी करने गए थे। उन्हें बेटा रोशन (12)खाना देकर वापस लौट रहा था। गांव किनारे पहुंचा था, तभी ट्रैक्टर से कुचल जाने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया वह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। हादसा देखकर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर छोड़कर भाग रहे चालक को पकड़ लिया। घटना से मां राजकुमारी, बहन रोशनी, चांदनी और छोटे भाई कमलेश का हाल बेहाल हो गया। थानेदार आदित्य सिंह ने बताया ट्रैक्टर खड़ा कराया गया। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।