फतेहपुर। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने एडेड माध्यमिक विद्यालयों के चार शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी है। अनुमोदन के लिए इनकी पत्रावली जेडी प्रयागराज कार्यालय भेजी गई थी।
डीआईओएस कार्यालय से प्रबंध कमेटियों से नियुक्त चार सहायक अध्यापकों की पत्रावली विनियमितीकरण के लिए जेडी कार्यालय भेजी गई थी। आदर्श बालिका विद्यालय जहानाबाद की सहायक अध्यापक प्रेमवती गुप्ता की पत्रावली में 1998 से 2003 सेवा नियमित नहीं पाई गई। नियुक्ति के समय पद विवादित था। विनियमितीकरण जेडी ने नहीं किया। महात्मा गांधी इंटरकालेज सिधांव के सहायक अध्यापक की पत्रावली में जेडी ने नियुक्ति को नियम विरुद्ध मानते हुए विनियमितीकरण नहीं किया। यह दोनों शिक्षक 31 मार्च 2020 को सेवानिवृत हो चुके हैं। दोनो की पेंशन पत्रावली रोक दी गई है। गांधी इंटरकालेज जहानाबाद के सहायक अध्यापक मो. हकीम उल्ला नियुक्ति के समय प्रशिक्षित नहीं थे। उन्होंने 1996 में बीएड किया था। ऐसे मंडलीय कमेटी ने नियुक्ति को गलत मानते हुए विनियमितीकरण करने से मना कर दिया है। आदर्श इंटरकालेज बहरामपुर में सहायक अध्यापक विपिन चंद्र अग्रहरि की नियुक्ति पत्रावली में तत्कालीन डीआईओएस ने लिखा था कि माध्यमिक शिक्षा आयोग शिक्षक की नियुक्ति के बाद उनकी नियुक्ति समाप्त मानी जाए, लेकिन आयोग से नियुक्ति के बाद भी आदेश का पालन नहीं हुआ। यह नियुक्ति बहुत पहले समाप्त हो जाना चाहिए था। ऐसे में विनियमितीकरण संभव नहीं है।डीआईओएस ने बताया चारो शिक्षकों की सेवा समाप्त कर पत्रावली अनुमोदन के लिए मंडलीय कमेटी प्रयागराज को भेज दी गई है।