बहुआ। बांदा-टांडा हाईवे पर सिधाव गांव के काली माता मंदिर के पास ओवरलोड मौरंग लदे ट्रक ने ईंट लाद कर जा रहे ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इसके बाद खंती में पलट गया। ट्रैक्टर चालक बच गया। ट्रक के ड्राइवर व खलासी को केबिन का शीशा तोड़ने के बाद बाहर निकाला जा सका।
ट्रक ओती खदान से मौरंग लादकर शहर की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्राली में चालक बहुआ से ईंट लादकर बांदा जिले के बेंदा गांव जा रहा था। ट्रैक्टर चालक बेंदा निवासी अनुराग सिंह ने बताया कि ट्रक लहराते हुए आ रहा था। जब तक संभलते ट्राली में टक्कर मारते हुए ट्रक खंती में जा गिरा। वह दूर गिर जाने से बाल-बाल बच गए। ट्रक चालक आबूनगर निवासी लखन यादव(30) पुत्र राकेश यादव का एक पैर टूट गया। शरीर में अन्य जगह भी चोटें लगीं। ट्रक का खलासी विमल(23) पुत्र बीरेंद्र भी घायल हो गया। ट्रक चालक व खलासी दोनों ट्रक की केबिन में फंस गए थे। राहगीरों व ग्रामीणों ने ट्रक का शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। ट्रक चालक व खलासी का सदर अस्पताल में इलाज हो रहा है।