फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र में शनिवार रात मामूली विवाद में दो परिवार भिड़ गए। दोनों परिवारों के बीच लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। एक पक्ष से महिला ने दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एक पक्ष के तीन लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं। गांव में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में मुस्लिम परिवार और अनुसूचित जाति के परिवार के घर अगल-बगल हैं। घरों के बीच मुस्लिम परिवार की ईंटें रखी हैं। ईंटें आंधी में गिर गई थी। ईंटें रखने वाली जगह पर पड़ोसी के परिवार ने कब्जे का आरोप लगाया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। दोनों पक्षों ने लाठी डंडे से हमला कर पत्थरबाजी
की। पुलिस ने एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष के दो घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। मुस्लिम परिवार में मां, बेटा, बेटी घायल को जिला अस्पताल रेफर किया है। दूसरे पक्ष से मामा और भांजा घायल हुए हैं। मुस्लिम पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और एक महिला से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष के मारपीट, तोड़फोड़, पथराव का आरोप लगाया है। एक पक्ष के आरिफ, अशफाक, वाजिद समेत पांच और रामसुमेर, आजाद और उसके भांजा श्रीराम समेत पांच लोग घायल हुए हैं। थानेदार अनूप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।