बहुआ (फतेहपुर)। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में रविवार को डंपर और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। हादसे में डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने डंपर में फंसे चालक को बाहर निकाला। ट्रैक्टर चालक ने कूदकर जान बचाई। घायल को पीएचसी में भर्ती कराया है।
ललौली थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी कल्लू प्रसाद का बेटा राजेश रैदास (40) ट्रैक्टर चालक है। वह ईंट लादकर बहुआ स्थित भट्टा जा रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार में डंपर ने टक्कर मार दी। चालक ट्रैक्टर से कूद गया। उसे मामूली चोट आई। डंपर चालक बूटा सिंह (45) पुत्र बिरसा सिंह निवासी मतौली जिला लखीमपुरखीरी गंभीर रूप से घायल हुआ। आसपास के लोगों ने 108 नंबर में फोन किया। एंबुलेंस करीब एक घंटे बाद पहुंची। तब तक घायल चालक सड़क किनारे तड़पता रहा। उसे बहुआ पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। चालक के परिजन उसे कानपुर लेकर गए हैं। डंपर चालक कबरई गिट्टी लादने जा रहा था।