फतेहपुर। लॉकडाउन के कारण सब्जी के दाम गिरने से उत्पादकों को खासा झटका लगा है। हाल यह है कि मौजूदा समय प्रशासन से तय रेट सूची से भी 15 से 20 फीसदी भाव खिसकने के कारण किसानों की लागत निकल पाने में भी मुश्किल हो रही है। ऐसे में उत्पादक मंडी में बिक्री के बजाय शहर की गलियों में फेरी लगाकर सब्जी बेच रहे हैं।
लॉकडाउन में सब्जी का गैर जिलों के लिए निर्यात बंद हो गया है। जिले की गंगा कटरी सब्जी उत्पादन के लिए विख्यात है। यहां कि सब्जी कानपुर मंडी समेत अन्य पड़ोसी जिलों में सब्जी की आपूर्ति करती है, लेकिन सभी जिलों की सीमाएं सील होने से सब्जी बाहर नहीं जा पा रही हैं। यही कारण सभी सब्जियों के भावों में खासी गिरावट आई है। तय रेट 25 रुपये किलो से घटकर आलू 20 रुपये प्रति किलो पर बिक रहा है। प्याज 30 रुपये
किलो से घटकर 20 रुपये किलो पहुंच गया है। बैंगन और कद्दू 40 रुपये से घटकर 20 रुपये किलो पहुंच गया है। टमाटर 40 रुपये से घटकर आधी कीमत पर रह गया है। भिंडी 80 रुपये किलो की बजाय 50 रुपये किलो बिक रही है। बड़ी से बड़ी गोभी प्रति पीस 20 रुपये की बिक रही है। सब्जी आढ़ती शफीक अहमद ने बताया कि जिले में सब्जी का बहुत उत्पादन होता है। यहां से पड़ोसी जिले में रोज सब्जी निर्यात की जाती रही है लेकिन लॉकडाउन के कारण निर्यात पूरी तरह से बंद है। यही कारण है कि बाजार में सब्जी की आवक अधिक है और खपत कम होने के कारण भाव दिन प्रतिदिन कम हो रहे हैं।