फतेहपुर। लॉकडाउन के दूसरे दिन शहर में पुलिस माइक लेकर घूमी और लोगों को घरों में रहने के लिए चेतावनी भर लहजे में अपील की। इसके बाद भी कई बेपरवाह लोग बेवजह घूमते नजर आए। मजबूरन पुलिस को इन्हें भगाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कई लोगों की धरपकड़ की गई। लोगों के जनजीवन खतरे में डालना,
सरकारी आदेश कोरोना वायरस के बचाव के संसाधन का इस्तेमाल न करना। मना करने के बाद भी दुकान खोलकर सामग्री बेचने और संक्रमण उत्पन्न करने के आरोप में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। शहर के ज्वालागंज इलाके में कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने भीड़ जमाकर खड़े लोगों की धरपकड़ की।
पुलिस ने मसवानी मोहल्ले कालिका मंदिर कुटी के पीछे रहने वाले राजेश कुमार, अहमदगंज मोहल्ला निवासी लाला उर्फ सारिक, मसवानी मोहल्ले के जीतू उर्फ अरुण कुमार, अरबपुर मोहल्ले के मोनू गुप्ता, कटरा अब्दुल गनी निवासी महेश कुमार, शांतिनगर निवासी अचल कुमार, छीकन टोला निवासी सरवर, फैजल को पकड़ा। आरोपियों को मुचलके पर जमानत दी गई है। उधर, पुलिस ने पनी मोहल्ले के नयाब, इमरान कुरैशी को दुकान खोलकर
सामग्री बेचते पकड़ा गया। लोधीगंज के राकेश कुमार को कोल्ड ड्रिंक और चाय बेचते पकड़ा। शहर में सुबह से कोतवाली पुलिस की कोतवाल और एसएसआई कैलाश नाथ की टीम ने भ्रमण कर कार्रवाई की। शहर के सनगांव, बकंधा, नउवाबाग, कसेरूवा, लोधीगंज, बेरुईहार इलाके में कैंटीन और परचून की दुकान खुुली मिली। सूचनाओं पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने लाठी पटक कर लोगों को खदेड़ा। इलाके के लोगों को माइक से एनाउंस कर घरों के अंदर रहने की अपील भी की गई।
खागा। नगर के चौक बाजार मोहल्ले में गुजर रहे एक दुकानदार को गुरुवार सुबह पुलिस वालों ने डंडा मार दिया। सिर पर डंडा लगने से दुकानदार से घायल हो गया। सीएचसी हरदों में इलाज कराया गया। किशनपुर रोड ऐरांया ब्लाक गेट के पास रहने वाले ननकू अग्रहरि किराना दुकानदार हैं। वह एक जगह डिलीवरी देने चौक चौराहे की तरफ अकेले जा रहे थे। ड्यूटी में तैनात पुलिस वाले भीड़ को खदेड़ रहे थे। ननकू का आरोप है कि एक सिपाही ने बताने के बावजूद उन्हें सिर पर लाठी मार दी। घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल हो गया। दूसरी ओर कोतवाल सत्येंद्र सिंह का कहना है कि दुकानदार बाइक से था। पुलिस को देखकर तेजी से बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की। बिजली के पोल से टकराकर घायल हुआ है।
विजयीपुर। किशनपुर थाने की विजयीपुर पुलिस चौकी में गुुरुवार को घरों से बेवजह बाहर निकलने वालों को पुलिस ने सबक सिखाया। उन्हें मुर्गा बनाकर कड़ी हिदायत दी गई। चौकी इंचार्ज वीर बहादुर सिंह चौराहे पर लोगों को कोरोना से जागरूक करने और लॉकडाउन का पालन कराने के लिए भम्रण पर निकले थे। चौराहे पर पांच लड़कों को देखकर पुलिस ने टोका। उनमें तीन मौके से भाग निकले। पुलिस ने दो लड़कों को पकड़ लिया। पुलिस चौकी लेकर आई। पूछताछ में लड़कों ने घूमने आने की बात कही। चौकी के सामने दोनों को पुलिस ने करीब दस मिनट तक मुर्गा बनाए रखा। घर में हिदायत देकर पुलिस ने छोड़ा। इस घटना में इलाके में हड़कंप मचा रहा। बाइक सवार भी वापस होते दिखे।
शाह। गाजीपुर थाना क्षेत्र के अयाह गांव में गुरुवार को साप्ताहिक सब्जी मंडी सुबह से ही सज गई थी। इलाके के सैकड़ो लोगों बाजार में खरीदारी को पहुंच गए। न तो लोगों के पास मॉस्क था और न ही वे दूरी बनाने का एहतियात बरत रहे थे। लोगो में करोना वायरस का खौफ नहीं दिखा। इसकी भनक पुलिस को लगी। शाह चौकी इंचार्ज मुकेश सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंडी दुकानदारों को लाठी पटक कर खदेड़ा। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मंडी को बंद करा दिया गया है।