फतेहपुर। महिला के खाते से दस दिनों में सवा दो लाख की रकम पार हो गई। घटना की शिकायत पीड़ित परिवार ने पुलिस से की। कोतवाली पुलिस ने मामला साइबर सेल को भेजा है। मामला एटीएम क्लोनिंग का होना प्रतीत हुआ है।
शहर के शादीपुर मोहल्ला निवासी स्वर्गीय स्वयंबर चंद्र सिंह की पत्नी उर्मिला सिंह ने कोतवाली में शिकायत की। उन्होंने बताया कि सात मार्च को शादीपुर चौराहे के एक एटीएम बूथ से रुपये निकाले थे। उसके बाद काम से बाहर चले गए थे। उनका खाते से जुड़ा मोबाइल घर में छूट गया था। वह लोग बुधवार को वापस लौटे। मोबाइल खोलने पर रकम निकाले जाने का मैसेज मिला। खाते से 17 मार्च से लेकर हर दिन 25 हजार रुपये के हिसाब से रकम निकाली गई है। उन लोगों ने एटीएम का इस्तेमाल नहीं किया है। एसएसआई कैलाश नाथ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साइबर सेल को मामला स्थानांतरित किया है।