फतेहपुर। विदेश से वतन लौटने वालों में अब तक जिले के 18 लोग शामिल हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को छह नए लोगों का पता चला। महामारी विज्ञानी टीम ने इनमें से पांच लोगों का परीक्षण किया। एक महिला का पता ट्रेस न होने पर उससे संपर्क नहीं साधा जा सका। सभी लोगों की जांच के बाद उन्हें 28 दिन तक घर पर ही अलग से एक कमरे में रहने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को विदेश से लौटने वाले जो नए लोग सामने आए हैं, उनमें शहर के तीन और खागा के दो लोग रहने वाले हैं। शहर के सामने आए लोग सऊदी अरब से लौटे थे। सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने आई महिला के सऊदी से लौटने की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत हरकत में आ गई। महिला ने बताया कि वह शौहर के साथ गई थी। साथ में मासूम बेटा भी था। दो लोग मलेशिया से लौटने वाले निकले। यह दोनों खागा के रहने वाले हैं। महामारी विज्ञानी डॉ. अब्दुल्ला ने बताया कि छह लोगों के वतन लौटने की बात की जानकारी मिली थी। काफी भागदौड़ और जद्दोजहद करने के बावजूद एक महिला का पता नहीं लगाया जा सका है। उन्होंने बताया कि पांचों को वैरीफाई कर लिया गया है। ऐहतियात के तौर पर इनके घरों पर आइसोलेशन किया गया है। सभी को मास्क मुहैया कराए गए हैं। किस तरह से रहना है। घर से निकलते वक्त क्या करना है। ऐसी तमाम जानकारी साझा की गईं हैं।