जहानाबाद। नगर पंचायत अब नगर क्षेत्र से संचालित वाहनों से कर वसूली करेगी। शनिवार को नगर पंचायत सभाकक्ष में हुई बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास कर यह निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन राबिया खातून ने की। बैठक में छह प्रस्तावों को मंजूरी मिली। नगर में चलने वाले प्राइवेट वाहनों में प्राइवेट बस स्टैंड, मैजिक स्टैंड, विक्रम स्टैंड, ई रिक्शा से टैक्स प्रतिदिन वसूली करने का प्रस्ताव पास किया गया। बस से 40 रुपये, मैजिक और विक्रमों से 20 और ई रिक्शा से प्रतिदिन 10 वसूला जाएगा। 2020 में जहानाबाद महोत्सव मनाने का प्रस्ताव पास हुआ। नगर में प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइटें और खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने का निर्णय लिया गया। गेस्ट हाउसों से कूड़ा उठाने के बदले 12000 रुपये सालाना वसूला जाएगा। इसके चार फागिंग मशीनें खरींदी जाएंगी। बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद आरिफ उर्फ गुड्डू सेठ, अधिशासी अधिकारी कुलवंत सिंह, प्रधान लिपिक राघवेंद्र सिंह, सभासद इंद्रपाल गुप्ता, रिजवान कुरैशी, आदित्य सिंह सेगर, प्रदीप दुबे, रिजवान मंसूरी, इरम फात्मा, सारा खान, महेश चौरसिया, मौजूद थे।