औंग। आशापुर गांव के पास अंग्रेजी शराब की दुकान में आबकारी टीम ने छापा मारा। टीम पर छापे के बहाने से कैश और शराब लेकर चले जाने का आरोप लगाया गया है। पुुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अनुज्ञापी राम सजीवन सिंह का शराब ठेका है। जिसे लीज पर बकेवर थाना के डारी खुर्द गांव के रूपसिंह संचालित करते हैं। दुकान में बकेवर थाना के नामामऊ गांव का संजय सिंह सेल्समैन है। सेल्समैन ने बताया कि मंगलवार दोपहर को शराब दुकान पर बोलेरो आकर रुकी थी। शराब ठेके का दरवाजा खोल कर पांच लोग घुसे। उनमें आबकारी विभाग के एक कांस्टेबल ने दुकान चेक करने की बात कही। एक कांस्टेबल ने बोलेरो से एक बैग निकाला। दुकान में पलट दिया। खाली शीशी, स्टीकर, ढक्कन थे। उसे मारपीट कर वीडियो बनाया। रूप सिंह संचालक को शराब में पानी मिलाकर बेचने आरोप लगाया। सादे कागजातों हस्ताक्षर भी करवाए। बैग से तीन लाख 10 हजार रुपये, 80 हजार कीमत की शराब व 1680 रुपये बिक्री के बोलेरो में रख लिए। बोलेरो में उसे भी बैठा लिया। थाने चलने की बात कही। चौड़ागरा ओवर ब्रिज के नीचे छोड़ कर बोलेरो लेकर शहर की ओर चले गए। सेल्समैन ने मालिक को आपबीती बताई। मालिक ने आबकारी विभाग में संपर्क किया। कुछ बात न बनने पर थाने में बुधवार शाम सेल्समैन और संचालक पहुंचे। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू की है। थानेदार एनके नागर ने बताया कि ठेकेदार और संचालक को बुलाया गया है। ठेकेदार रात तक थाने नहीं आया है। नकदी, रुपये ले जाने का आबकारी टीम के सदस्यों पर आरोप है। उधर, बिंदकी आबकारी निरीक्षक लक्ष्मीशंकर बाजपेयी ने बताया कि जिस सिपाही पर आरोप लगा है। वह दोपहर करीब 12 बजे तक उनके साथ रहा है। उसके बाद वह दफ्तर चले आए थे। जिसके बाद के उनकी जानकारी में मामला नहीं है।