फतेहपुर। सदर अस्पताल की सीटी स्कैन सेवा बंदरों ने बंद कर दी है। इंटरनेट केबल काट देने से सीटी स्कैन नहीं हो पा रहा है। जरूरतमंद अस्पताल तक आने के बाद भी मायूस लौटने को विवश हैं। प्राइवेट में यह सेवा महंगी है।
सदर अस्पताल की इस नई सेवा का लाभ उठाने के लिए दूरदराज से मरीज आते हैं। हर रोज करीब 15 से 20 सीटी स्कैन होते हैं। शुक्रवार दोपहर बंदरों ने इंटरनेट की केबल काट कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे सीटी स्कैन का काम ठप पड़ गया। सोमवार को हरदो सीएचसी के चिकित्सक के परामर्श पर रघुवीर सिंह सीटी स्कैन कराने आए थे। यह काफी देर कमरे के बाहर इस आस में खड़े रहे कि कोई बाहर आएगा और वह अदंर जाएंगे। काफी देर तक यह खड़े रहे। बाद में जब पूछा तो पता चला कि बंदरों के चलते यह सुविधा अभी बंद है। उधर, लापरवाही की हद तब हो गई जब इस बात की जानकारी सीटी स्कैन इंचार्ज दिलीप यादव ने किसी जवाबदेह को नहीं दी।
वर्जन
यह काम हिंदुस्तान लाइफ केयर लिमिटेड को करना है लेकिन इंचार्ज को उन्हें बताना चाहिए था। वह कार्यदायी संस्था से बात करने के साथ ही इस मामले में इंचार्ज से जवाब-तलब करेंगे। डॉ. प्रभाकर, सीएमएस