बहुआ (फतेहपुर)। बांदा-टांडा हाइवे पर जिंदपुर टोल प्लाजा पर ट्रक चालक को टोल कर्मियों ने शनिवार रात पीट दिया। चालक ने कर्मियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
मलवां थाना क्षेत्र के बैरमपुर गांव निवासी रामप्रताप का बेटा हरिओम (35) ट्रक चालक है। कबरई से गिट्टी लादकर चालक लालगंज रायबरेली जा रहा था। शनिवार रात करीब 11 बजे टोल प्लाजा पर पहुंचा था। चालक ने बताया कि गिट्टी अंडर लोड थी। पर्ची कटाने के बाद निकलने लगा। शराब के नशे में धुत टोल कर्मी ट्रक के सामने डंडा लेकर खड़े हो गए। जबरन कांटे पर ट्रक लेकर चलने का दबाव बनाने लगे। ट्रक ले जाने से मना करने पर गालीगलौज और मारपीट करने लगे। ट्रक से बाहर घसीट लिया। चालक का आरोप है कि दो हजार रुपये भी छीन लिए। बहुआ चौकी इंचार्ज उमाकांत यादव ने बताया कि टोल कर्मियों के खिलाफ तहरीर की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।