फतेहपुर। दो फरवरी को चीन के वुहान शहर से एयरलिफ्ट हुए भारतीयों में मलवां कस्बे का एक मेडिकल छात्र भी है। अब तक हुई जांचों में युवक में जानलेवा कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैं।
पहले उसे इंडियन तिब्बत बार्डर पुलिस के हेल्थ कैंप में रखा गया। यहां जांच रिपोर्ट में निगेटिव मिलने पर ही उसे घर जाने की इजाजत मिली। 18 फरवरी को घर लौटा यह छात्र मेडिकल के फाइनल इयर में है। छात्र को आईटीबीपी के कैंप में 14 दिन रखा गया। जिला महामारी विज्ञानी डॉ. अब्दुल्ला ने बताया कि टीम के साथ वह युवक के घर पहुंचे थे। ऐसे कोई लक्षण नहीं मिले हैं जिससे कोरोना की बात की जा सके। चूंकि चीन से लौट रहे लोगों को 28 दिन तक निगरानी में रखना पड़ता है। इस वजह में सतर्कता बरती जा रही है। युवक को मास्क के साथ अन्य जरूरी चीजें मुहैया कराई गई हैं।