फतेहपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 15 फरवरी को आईटीआई परिसर में बड़ा रोजगार मेला लगाया जाएगा। इस बार करीब 5387 युवाओं को नौकरी देने की तैयारी की गई है। मेले में कक्षा आठ पास से लेकर स्नातक तक के लोगों को मौका मिलेगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति मेले का शुभारंभ करेंगी। रोजगार मेले में लखनऊ, इलाहाबाद, पटना, कानपुर, गुरुग्राम, कच्छ गुजराज, जालंधर पंजाब, नई दिल्ली की मिलाकर कुल 18 कंपनियां शामिल होंगी। सर्वाधिक रिक्तियां हाईस्कूल उत्तीर्ण युवाओं के लिए है। हाईस्कूल उत्तीर्ण 3200 युवाओं को आठ हजार से लेकर 12500 रुपये तक के मासिक पैकेज में नौकरी देने की व्यवस्था है। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण 643 युवाओं को 6000 रुपये से लेकर 11500 रुपये तक मासिक नौकरी के लिए कंपनियां साक्षात्कार माध्यम से चुनेंगी। स्नातक उत्तीर्ण 89 युवाओं के लिए आठ हजार, 10 हजार और 12500 रुपये के मासिक पैकेज मिलेंगे। आईटीआई डिप्लोमा धारक 460 युवाओं के लिए मेले में अच्छे पैकेज पर नौकरी देने की व्यवस्था है। चयनित अभ्यर्थियों को 8500 रुपये से लेकर 13775 रुपये मासिक वेतन पर नौकरी के लिए चयन किया जाना है।
वृद्धों को भी मिलेगी नौकरी
रोजगार मेले में कानपुर की दो कंपनियां 60 वर्ष आयु वाले अभ्यर्थियों को भी नौकरी देंगी। एक कंपनी ने 30 स्नातक जिनकी आयु 18 से 55 वर्ष है, उन्हें 8500 रुपये मासिक और दूसरी कंपनी हाईस्कूल उत्तीर्ण अभ्यर्थी जिनकी आयु 18 से 60 वर्ष के बीच है, ऐसे 19 अभ्यर्थियों को साढ़े 12 हजार महीने की नौकरी के लिए चुनेगी।
........................
काउंटर में करेंगे नौकरी का चयन
फतेहपुर। जिला सेवायोजन अधिकारी उज्ज्वल सिंह ने बताया कि मेले में शामिल होने के लिए उनके यहां का पंजीयन होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी मूल अभिलेख, दो पासपोर्ट साइज की फोटो के साथ मेले में शामिल हों। मेले में सभी कंपनियों के अलग-अलग काउंटर होंगे, जिनके सामने कंपनी का नाम, स्थान, रिक्तियों की संख्या के साथ वेतन का ब्योरा अंकित होगा। अभ्यर्थी संबंधित काउंटर से प्रपत्र प्राप्त कर उसे पूर्ण कर काउंटर में जमा करने के बाद साक्षात्कार में शामिल हो सकेगा।
.............................