धाता (खागा)। मौरंग लादने के बाद घाट किनारे खड़े ट्रक मालिक की दूसरे ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई। ट्रक बैक करते समय युवक नीचे आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रतापगढ़ जनपद के मानधाता थाने के चकफते अलीशाह गांव निवासी साजिद अली उर्फ चांद (35) ट्रक मालिक हैं। वह ट्रक चालक श्रीपाल शर्मा के साथ मौरंग लादने के लिए धाता थाना क्षेत्र के रानीपुर मौरंग घाट आए थे। सुबह मौरंग लादने के बाद साजिद ने अपना ट्रक खदान में ही एक किनारे खड़ा करा दिया और उतरकर ट्रक के नजदीक खड़ा था। तभी मौरंग लादने के लिए दूसरा ट्रक खदान की ओर बैक हो रहा था। साजिद बैक हो रहे ट्रक को नहीं देख सका और उसके नीचे आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसओ धाता अर्जुन सिंह अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक मालिक साजिद के भाई शादाब अली ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।