फतेहपुर। विभिन्न सेक्टर में कामयाबी का परचम लहराने वाली युवतियों ने अब ऊर्जा के प्रमुुख क्षेत्र (फील्ड वसूली) में भी प्रवेेश किया है। वैसे अभी इनकी तादाद दो है लेकिन फायदा देख विभाग इनकी संख्या बढ़ाने की सोच रहा है। अभी हुसैनगंज विद्युत उपकेंद्र में इनसे कार्य लिया जा रहा है। डेढ़ महीने के इनके कामकाज में बकाएदार कई टकराए लेकिन कहीं भी एफआईआर की नौबत नहीं आई।
यूपीपीसीएल की तरफ से 28 नवंबर से 14 दिसंबर तक बिजली विच्छेदन अभियान चलाया जा रहा है। जिले के तीनों डिवीजन में टीमें अभियान चला रही हैं। 33/11 केवीए के सारे पचास उपकेंद्र में इस अभियान के लिए जरूरत के लिहाज से गैंग लगाए गए हैं। हुसैनगंज उपकेंद्र के एक गैंग में दो युवतियां रखी गई हैं। शहर के वर्मा चौराहा में रहने वाली सोनम सिंह और प्रिया सोनी के कार्य का सलीका विभाग के लिए फायदे का सौदा साबित हो
रहा है। टीचिंग और डांस अकादमी की फील्ड पर किस्मत आजमाने के बाद ऊर्जा क्षेत्र में भविष्य बनाने निकली सोनम सिंह का कहना है कि वह रोजाना कम से कम बीस बकाएदार उपभोक्ताओं से मिलकर उन्हें बकाया जमा कर बिजली से घर और कारोबार को रोशन रखने का सुझाव दे रही हैं। खुशी की बात है कि ग्रामीण परिवेश की फील्ड पर भी अच्छा सहयोग मिल रहा है। दस हजार रुपये के मानदेय पर बिजली के बकाया बिल की स्लिप थमाने वाली सोनम का कहना है कि कहीं भी अभी तक विवाद की नौबत नहीं आई।
शिक्षा के पेशे से ऊर्जा के सेक्टर में कदम रखने वाली प्रिया सोनी का कहना है कि बकाएदार को समझा दिया जाता है। बिजली की जरूरत व बिल की अदायगी से फायदे समझा दिए जाते हैं। घर की महिलाओं व लड़कियों का अच्छा सहयोग मिल जाता है। अभी तक एक भी ऐसा उपभोक्ता नहीं रहा, जो हम दोनों की बात न माना हो। जेई बसंत लाल का कहना है कि युवतियों की संख्या में विस्तार पर भी विचार किया जा सकता है।
फिलहाल, हुसैनगंज एरिया में आउटसोर्सिंग के जरिए दो युवतियां बिजली विच्छेदन अभियान में लगी हैं। अभी तक दोनों ने अच्छा काम किया है। इससे आगे हाइडिल सेक्टर में महिलाओं की बेहतर इंट्री की गुंजाइश बन रही है। - आनंद प्रकाश, अधीक्षण अभियंता